इटावा। शहर के पचावली रोड स्थित एक निजी विद्यालय में पढ़ने वाले कक्षा छह के दो छात्र लापता हो गए। स्कूल प्रबंधक की सूचना पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर छात्रों की तलाश शुरू कर दी। सैफई के नगला छबिनाथ निवासी तनिष्क (14) व कन्हैया यादव (15) निवासी नगला धर्म थाना करहल, मैनपुरी के रहने वाले है। दोनो आपस में रिश्तेदार है। वह पचावली रोड स्थित जीजीएन इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा छह में पढ़ रहे हैं। बुधवार सुबह दोनों के न दिखने पर स्कूल प्रबंधन तंत्र में खलबली मच गई। दोनों खोजा गया लेकिन उनका सुराग नहीं मिला। स्कूल के प्रबंधन अनीष कुमार ने थाना फ्रेंडस कॉलोनी में रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया स्कूल के सीसीटीवी कैमरे में दोनों छात्र सुबह पांच बजे निकले दिखाई दे रहे हैं। उनकी खोजबीन की जा रही है। जल्द ही उन्हें सकुशल बरामद कर लिया जाएगा। (संवाद)