कानपुर। कॉर्डियोलॉजी से हैलट के बीच दोनों ओर की लेन को जाम मुक्त रखने की कवायद तेज हो गई है। ट्रैफिक विभाग एंबुलेंस का रास्ता रोकने वाले वाहनों पर कार्रवाई कर रही है। शुक्रवार दोपहर एंबुलेंस के रास्ता मांगने पर भी आगे-आगे चल रहे दो पिकअप के सामने से न हटने पर दस-दस हजार रुपये के चालान काटे गए।
इनमें से एक एंबुलेंस मरीज को लेकर कॉर्डियोलॉजी की ओर जा रही थी जबकि दूसरे एंबुलेंस रावतपुर की ओर से मरीज को लेकर हैलट आ रही थी। चौराहे पर तैनात टीएसआई संजीव पाल ने दोनों पिकअप को आगे से हटने के लिए चेतावनी भी दी थी। वहीं, परिवार को बैठाकर मोतीझील से हैलट पुल की ओर जा रहे बाइक सवार ने हेलमेट नहीं लगाया था। इसके चलते उसका चालान काटा गया। एक बाइक सवार की गाड़ी भी सीज कर दी गई है। इन्हीं मार्गों पर जाम का कारण बन रहे तीन ऑटो भी सीज किए गए। पूरे दिन में यहां ऑटो, रोडवेज बस समेत 210 वाहनों के चालान किए गए। (संवाद)