रूरा कस्बा स्थित रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर रेलवे ट्रैक पार कर रहे एक महिला और वृद्ध मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। झींझक जीआरपी ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बताया गया है कि दोनों लखनऊ के रहने वाले थे।
शुक्रवार की दोपहर दो बजे रूरा रेलवे स्टेशन के पश्चिमी केबिन के पास रेलवे ट्रैक को पार करते समय एक नि:शक्त वृद्ध और महिला की अप लाइन पर आ रही मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नि:शक्त वृद्ध और महिला माती से आने वाले टेंपो से उतर कर कस्बा तिराहा पहुंचे थे। वहां से बुजुर्ग महिला वृद्ध का हाथ पकड़कर रेलवे ट्रैक पार कर रही थी। तभी यह हादसा हो गया।
स्टेशन अधीक्षक शिवलाल पाल की सूचना पर पहुंचे झींझक जीआरपी प्रभारी केके तिवारी ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उन्होंने बताया कि दंपति के पास से मिले थैले में तीन रोटियां व एक विकलांग प्रमाणपत्र मिला है।
जिससे वृद्ध की शिनाख्त मंगल प्रसाद (72) पुत्र स्व. अयोध्या प्रसाद निवासी हसनगंज, लखनऊ के रूप मेें हुई है। वहीं वृद्ध महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है। लोगों के अनुसार दोनों दंपति प्रतीत हो रहे थे।