कानपु्र। रेलबाजार और नवाबगंज थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में नाबालिग समेत दो की मौत हो गई। एक हादसा बुधवार तो दूसरा गुरुवार रात हुआ। रेलबाजार थाना क्षेत्र में गुरुवार रात घंटाघर पुल पर ऑटो की टक्कर से स्कूटी सवार रेस्टोरेंट कर्मी फिरोजाबाद के थाना टुंडला निवासी विजय कुमार (32) रेलिंग से टकरा गए। पुलिस ने उन्हें हैलट में भर्ती कराया जहां शुक्रवार की रात उनकी मौत हो गई। वह रेलबाजार निवासी अमन सिंह के रेस्टोरेंट में हेल्पर थे। अमन के अनुसार गुरुवार रात विजय काम से टाटमिल की ओर जा रहा था तभी घंटाघर पुल पर ऑटो की स्कूटी में पीछे से टक्कर हो गई। ऑटो चालक वाहन समेत भाग निकला। पत्नी रेशमा का रो-रोकर बुरा हाल रहा। इसी प्रकार बिठूर थाना क्षेत्र के ईश्वरीगंज निवासी कैलाश के बेटे विकास कुशवाहा (16) की गुरुवार रात गंगाबैराज के बनियापुरवा के पास दूसरे बाइक सवार से टक्कर हो गई। हादसे में विकास गंभीर रूप से घायल हो गया और आरोपी भाग निकला। पुलिस ने उसे हैलट अस्पताल भेजा जहां देर रात उसकी मौत हो गई।