शुक्लागंज। डेंगू ने प्रेम नगर के बाद अब ब्रह्मनगर में भी पांव पसारने शुरू कर दिए है। डेंगू के दो मरीजों को उपचार चल रहा है। जिसमें एक का नर्सिंग होम दूसरे का घर पर ही परिजन उपचार करा रहे हैं। क्षेत्र में गंदगी की भरमार होने की शिकायत क्षेत्रीय सभासद ने पालिका ईओ से की है।
वार्ड संख्या- 28 मोहल्ला ब्रह्मनगर के सभासद अभिषेक शुक्ला ने बताया कि एक हफ्ते से मोहल्ले की गोमती बाजपेई (65) और बिट्टी तिवारी (14) को बुखार आ रहा था। इलाज के बावजूद जब आराम नहीं मिला तो परिजनों ने उनकी जांच कराई तब एनएस-1 लेबल के डेंगू की पुष्टि हुई। जिसमें गोमती का उपचार राजधानी मार्ग स्थित एक नर्सिंग होम में चल रहा है। जबकि बिट्टी का उपचार घर पर एक चिकित्सक की सलाह के अनुसार किया जा रहा है। क्षेत्र में अन्य कई लोग भी बुखार से पीड़ित है। इन्हें भी कई दिनों से बुखार आ रहा है। गंदगी के कारण मच्छरों की भरमार है। हालांकि डेंगू से बचाव के लिए लोगों को जानकारी दी जा रही है।