गर्मी ने अपना कहर बरपाना शुरु कर दिया है। उन्नाव में भीषण गर्मी के साथ डायरिया और संक्रामक बीमारियों का कहर भी बढ़ता जा रहा है। रविवार को जिला अस्पताल में भर्ती डायरिया मरीजों में एक वृद्धा समेत दो लोगाें की इलाज के दौरान मौत हो गई।
शाम तक अस्पताल में डायरिया से पीड़ित 12 से ज्यादा और मरीजों को भर्ती कराया गया। गंगाघाट थाना क्षेत्र के गंगौनी गांव निवासी सरवन (22) पुत्र प्रेमशंकर और शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मोतीनगर निवासी सफीकुन (70) पत्नी शाहिद अली को पेट दर्द एवं उल्टी होने पर परिजनों ने सुबह नौ बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था।
करीब एक घंटे इलाज के बाद दोनों की हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने कानपुर रेफर किया, लेकिन तब तक दोनों ने दम तोड़ दिया। बीते चार दिनों में 50 से ज्यादा डायरिया के मरीज जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं।