लापरवाही की गवाह हैं ये टूटी टोटियां
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के हमीरपुर जिले में मंगलवार रात बरौनी से जबलपुर जा रही चित्रकूट एक्सप्रेस के यात्रियों को रेलवे स्टेशन पर पानी नसीब नहीं हो सका। पानी लेने के आपाधापी में दो बुजुर्ग यात्री बेहोश होकर प्लेटफॉर्म पर ही गिर पड़े। जिन्हें साथी यात्रियों ने बेहोशी की हालत में ट्रेन के कोच में ले गए। ट्रेन में सवार यात्री रेलवे प्रशासन की अव्यवस्था को कोसते रहे।
भरुआसुमेरपुर में बरौनी से जबलपुर जाने वाली चित्रकूट एक्सप्रेस रात 10:02 बजे पर प्लेटफार्म नंबर एक पर आकर रुकी। ट्रेन के रुकते ही यात्री प्लेटफॉर्म में उतरकर पानी की तलाश करने लगे। लेकिन प्लेटफार्म के किसी भी कोने में उन्हें पानी नसीब नहीं हुआ। प्लेटफॉर्म नंबर एक पर हैंडपंप खराब हैं। पेयजल को बने वाटर पाइंट में लगी टोटियां खराब हैं। वाटर कूलर में पानी नहीं था।
ट्रेन से उतरे प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दो मिनट के ठहराव में कानपुर निवासी रामचंद्र गुप्ता (58) तथा उन्नाव निवासी रमेश कुमार (55) गश खाकर प्लेटफॉर्म पर ही गिर पड़े। इन दोनों यात्रियों को साथियों ने बेहोशी की हालात में बोगी में चढ़ाया। इसी बीच 10:04 में ट्रेन आगे के लिए रवाना हो गई। स्टेशन मास्टर एसके शुक्ला ने बताया कि प्लेटफार्म में लगे दोनों हैंडपंप रिबोर के लिए पत्र लिखा गया है। व्यवस्था के लिए विभाग को पत्राचार किया गया है।