घाटमपुर के भीतरगांव में बुधवार की देरशाम साढ़ क्षेत्र के चितौली गांव के पास बदमाशों ने ग्राहक सेवाकेंद्र संचालक से दो लाख रुपये व लैपटॉप लूटकर फरार हो गए। घटना की तहरीर दी गई। पुलिस जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज करने की बात कह रही। एक अन्य घटना देररात साढ़ के मथुरापुर मोड़ के पास हुई।
जहां बदमाशों ने होमगार्ड से बाइक और नगदी लूटकर फरार हो गए। सजेती थाना क्षेत्र के गांव चितौली निवासी रामराज कुरील ने बताया कि वह बरीपाल में एसबीआई शाखा का ग्राहक सेवा केंद्र संचालक है। बुधवार शाम 7.30 बजे दुकान बंद करने के बाद बाइक से चितौली गांव लौट रहा था।
रास्ते में असगहा और चितौली गांवों के बीच सूनसान जगह पर पीछे से एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने बाइक में टक्कर मार गिरा दिया। इसके बाद दो युवकों ने उसका बैग और मोबाइल छीन लिया। रामराज ने बताया कि बैग में करीब दो लाख रुपये नगद, लैपटॉप और बैंक के कागजातों के अलावा एटीएम और ड्राइविंग लाइसेंस भी था।
लुटेरे असगहा गांव की ओर भाग निकले। घटना की सूचना सजेती पुलिस को दी। रामराज ने बताया कि पुलिस ने उसकी तहरीर ले ली है लेकिन, जांच करने की बात कहकर रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। इधर, साढ़ थानाक्षेत्र के मथुरापुर मोड़ के पास बुधवार देररात पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने ड्युटी पर जा रहे एक होमगार्ड की बाइक लूट ली।