नीलम की फाइल फोटो, बेटियां आसना और दिव्यांशी
- फोटो : अमर उजाला
घाटमपुर में थाना सजेती के गौरी-बिरिया गांव में विवाहिता का शव संदिग्ध हालात में उसके घर के अंदर फांसी पर झूलता मिला। मृतका के पिता ने पति व ससुर सहित पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लिया है।
गांव कोरियां (सजेती) निवासी रामप्यारे ने बताया कि उसने अपनी बेटी नीलम देवी (28) की शादी वर्ष 2012 में गौरी-बिरिया (सजेती) निवासी रामकिशोर के पुत्र उदय सिंह के साथ की थी। उदय सिंह गांव में रहकर खेतीबाड़ी करता है और लोडर चलाता है।
जबकि, उसका पिता रामकिशोर सेना से रिटायर होने के बाद पुन: दूसरी नौकरी मिलने पर ग्वालियर (मध्य प्रदेश) में रहता है। सोमवार की सुबह किसी बात को लेकर नीलम और उसके पति के बीच विवाद हुआ। इस पर उदय सिंह मे नीलम को पीट दिया और घर से बाहर निकल गया।
इसी दौरान नीलम ने साड़ी का फंदा गले में कसने के बाद घर के अंदर फांसी लगा ली। नीलम के दो बेटियां आसना (7) और दिव्यांशी (3) हैं। मां को फांसी पर झूलता देख बड़ी बेटी आसना काफी देर तक उसकी साड़ी का पल्लू पकड़कर खींचती रही। लेकिन, जब असफल रही तो रोने लगी।