जसवंतनगर। क्षेत्र के आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे समेत अलग-अलग जगह हुए तीन सड़क हादसों में महिला समेत दो की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
शनिवार शाम करीब तीन प्रीती (32) पत्नी सुरेंद्र सिंह निवासी तोड़ी का पुरा, आगरा, अपनी ननद शरला देवी के घर नगला बेनीशाल, जसवंतनगर आई हुई थीं। शनिवार की शाम वह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से दवाई लेकर ऑटो से मलाजनी चौराहे पर उतरीं और सड़क पार करने लगीं। इसी दौरान जसवंत नगर की ओर से अनियंत्रित कार ने उन्हें टक्कर मार दी। वह वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोग उन्हें सीएचसी लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कार को कब्जे में ले लिया गया है। जल्द ही चालक को पकड़कर कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी घटना में फतेहपुरा गांव निवासी अखिलेश यादव ने बताया कि उसका पुत्र आरजू (19) ट्रक में हेल्पर का काम करता था। शुक्रवार को वह मध्यप्रदेश के व्यावर से प्याज लादकर लखनऊ मंडी जा रहा था। देर रात जब ट्रक उन्नाव जिले के थाना बहेटा क्षेत्र में पहुंचा, तभी सामने से गलत दिशा में आ रहे डंपर ने खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में आरजू की मौके पर ही मौत हो गई। शनिवार सुबह जैसे ही मृतक का शव गांव पहुंचा तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गांव में गमगीन माहौल बन गया। परिजनों को रोते देख हर आंख नम हो गई।
तीसरी घटना नगर क्षेत्र से सैफई जाने वाले मार्ग पर ई- रिक्शा शाहजहांपुर गांव की ओर से सैफई जा रहा था। ई-रिक्शा जैसे ही सैफई रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास मोड़ पर पहुंचा। चालक ई-रिक्शा पर नियंत्रण खो बैठा। इससे वह नियंत्रित होकर वाहन पलट गया। हादसे में विश्राम सिंह (60) निवासी शाहजहांपुर व लटुरी सिंह (55) निवासी लरखोर और पप्पी (45) निवासी रमैयापुर घायल हो गए।थानाध्यक्ष कमल भाटी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस बुलाकर घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। यहां डॉक्टर ने हालत गंभीर देख तीनों को सैफई रेफर कर दिया।