मुख्यालय स्थित बाल सुधार गृह से दो बाल अपचारी भाग निकले। तीन घंटे बाद सुधार गृह के अधिकारियों व कर्मचारियों को इसकी जानकारी हुई। पुलिस की तीन टीमें शहर में इनकी तलाश में जुटी एक को पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ लिया जबकि दूसरा फरार है। फरार बाल अपचारी पॉक्सो एक्ट व रेप मामले में हमीरपुर जिले से चित्रकूट सुधार गृह भेजा गया है। विभाग ने दावा किया सिर्फ एक ही बाल अपचारी भागा है।
शनिवार की सुबह लगभग सात बजे शहर के एसडीएम कॉलोनी में स्थित बाल सुधार गृह के एक कमरे की जॉली हटाकर दो बाल अपचारी भाग निकले। दस बजे जब गिनती हुई तो दो किशोर कम मिले। इसके बाद उन्हें ढूंंढा गया लेकिन वह नहीं मिले। एक कमरे की जाली टूटी मिली। दोनों के भागने की पुष्टि होने के बाद सुधार गृह के अधिकारी कर्मचारियों व सुरक्षा कर्मियों में खलबली मच गई। कोतवाली व एसपी कार्यालय में सूचना दी गई। पुलिस टीम ने एक को रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ लिया लेकिन दूसरा नहीं मिला है। जिसकी तलाश की जा रही है।
जिला प्रोवेशन अधिकारी पंकज मिश्रा ने बताया कि एक ही बाल अपचारी भागा है। जो हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र का निवासी है। 16 वर्षीय इस बाल अपचारी पर पॉक्सो व रेप मामले की सुनवाई चल रही है। घटना की जानकारी होने पर सदर एसडीएम पूजा साहू भी मौके पर पहुंची। उन्होंने पूरी जानकारी लेने के बाद मौजूद अधिकारियों व सुरक्षा कर्मियों को कड़ी फटकार लगाई। सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम पर सवाल उठाये। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है। न्यायालय को भी जानकारी दी गई है। पूरे मामले में कोतवाल उपेंद्र सिंह ने बताया कि बाल सुधार गृह से एक बाल अपचारी के भागने की सूचना मिली है। इसमें जांच हो रही है। जांच रिपोर्ट के बाद इसमें जो दोषी होगा उसी आधार पर तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
पहले भी भागे थे तीन बाल अपचारी
बाल सुधार गृह इसी साल शंकर बाजार से हटाकर एसडीएम कालोनी में बनाया गया है। किराये के भवन में यह संचालित है। सन 2017 में डाकू बलखडिया का भतीजा समेत तीन बाल अपचारी सुधार गृह से भागे थे।