पुलिस हिरासत में शराब तस्कर जगदीश व विजय
- फोटो : अमर उजाला
शराब की तस्करी करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पकड़े गए आरोपी सोनीपत हरियाणा के निवासी हैं। वहीं से अंग्रेजी शराब खरीदकर बिहार के मुजफ्फरपुर में सप्लाई करते थे। इसके लिए उन्हें दोगुनी कीमत मिलती थी। दरअसल बिहार में शराब बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंधित है।
हरियाणा के जिला सोनीपत थाना गन्नौर के ग्राम भंवर निवासी जगदीश कुमार व सोनीपत के ही थाना व कस्बा फरमाना निवासी विजय कोतवाली गुरसहायगंज क्षेत्र में समधन के निकट फ्लाईओवर से डीसीएम लेकर कानपुर की ओर जा रहे थे। मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस, एसओजी व सर्विलांस टीम ने वाहन रोककर तलाशी ली। तलाशी में एक लोहे के गेट के पीछे छिपाकर रखी गई 142 पेटी (हरियाणा की ब्लू स्ट्रोक व्हिस्की) के क्वार्टर बरामद हुए। आरोपियों ने बताया कि हरियाणा में शराब सस्ती मिलती है और बिहार में प्रतिबंधित है इसलिए यहां से शराब ले जाकर बिहार के मुजफ्फरपुर में सप्लाई कर देते हैं। इससे पहले भी इसी रास्ते से शराब बिहार ले जा चुके हैं।