पुखरायां/अमरौधा। नगर में नियम तोड़कर संचालित दो होटल रविवार को एसडीएम देवेंद्र सिंह व सीओ राजीव सिरोही ने सील करा दिए। इन होटलों में फायर एनओसी व पंजीयन रजिस्टर में पहचान संबंधी ब्योरा आदि नहीं मिला। वहीं अन्य चार होटल संचालकों को नोटिस दी गई है।
पुखरायां के किसान सेवा आश्रम के समीप संचालित एक होटल के संचालक फायर एनओसी नहीं दिखा सके। इसपर होटल सील कर दिया गया। इसके बाद दूसरे होटल में टीम पहुंची तो वहां भी फायर एनओसी नहीं मिली। वहीं जरूरी अन्य मानक भी नहीं मिले। यह होटल भी सील कर दिया गया। एसडीएम व सीओ ने अन्य होटलों की भी जांच की। एसडीएम देवेंद्र सिंह ने बताया नियम तोड़कर चलते मिले दो होटल सील कराए गए हैं। सिखमापुर मोड़ स्थित होटल, हरदुआ मोड़ स्थित होटल, मेन रोड स्थित होटल व एक अन्य होटल के संचालक को नोटिस दिया गया है।
..............................
नाम बदल कर दोबारा खुल गए होटल
पुखरायां। भोगनीपुर थाना की सीमा पर जंगल में बिना मानक के मावर के आगे होटल संचालित किए जा रहे हैं। बता दें कि एक वीडियो वायरल होने के बाद यह होटल बंद कर दिया गया था। अब दोबारा नाम बदल कर होटल फिर से संचालित है। इसी तरह देवीपुर में भी होटल का संचालन किया गया है। इन होटलों में मानक दरकिनार किए गए हैं। सरायं एक्ट में किसी होटल का पंजीयन नहीं कराया गया है। एसडीएम देवेंद्र सिंह ने बताया कि सभी होटलों की मानक सहित संचालन व्यवस्था की जांच का कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)