हमीरपुर यमुना और बेतवा नदियों के संगम पर गुरुवार सुबह 10 बजे पिकनिक मनाने गए चार किशोरों में दो की नदी में डूबने से मौत हो गई। एक को मल्लाह ने बचा लिया। ढाई घंटे की मशक्कत के बाद दोनों किशोरों के शव निकाले जा सके।
अलग-अलग स्कूलों में ग्यारहवीं में पढ़ने वाले छात्र शहर कोतवाली क्षेत्र के हाथी दरवाजा मोहल्ला निवासी मयंक कुशवाहा (17) पुत्र मनोज, ऋषभ (16) पुत्र राजेश गुप्ता, हर्ष (17) पुत्र हरनारायण और इसी कोतवाली क्षेत्र के पीडब्ल्यूडी कालोनी भिलांवा निवासी अभिषेक (16) पुत्र शंभूदयाल गुरुवार सुबह दो बाइकों से जिला मुख्यालय से आठ किमी दूर संगमहेश्वर के आगे यमुना और बेतवा नदियों के संगम तट पर पहुंचे।
मयंक और ऋषभ नदी में कूदकर नहाने लगे। खिलवाड़ करते दोनों गहरे पानी में चले गए। दोनों को डूबता देख हर्ष उन्हें बचाने के लिए नदी में कूदा, पर वह भी डूबने लगा। इस पर अभिषेक ने मल्लाहों को आवाज दी। एक मल्लाह ने पहुंचकर लाठी के सहारे डूब रहे हर्ष को बचा लिया, पर मयंक व ऋषभ गहरे पानी में समा गए। जिस स्थान पर दोनों किशोर डूबे, वहां गहराई ज्यादा होने से मल्लाह ने भी नदी में उतरने से मना कर दिया।
अभिषेक ने साथियों के परिजनों के साथ ही कोतवाली और यूपी 100 को सूचना दी। पुलिसकर्मियों के साथ दमकलकर्मी, सीओ रजनीश उपाध्याय, अतिरिक्त एसडीएम वीर बहादुर यादव, तहसीलदार विजय प्रताप सिंह आदि मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने मल्लाहों की मदद से नदी में जाल डालकर ढाई घंटे की मशक्कत के बाद मयंक व ऋषभ के शव निकाले तो परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।