कानपुर देहात। डीएम जेपी सिंह ने सोमवार को पीएचसी रनियां का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दो डॉक्टर आवासों में आराम फरमाते मिले। इस पर डीएम ने फटकार लगाई। इसके बाद उन्होंने टीकाकरण स्थल का जायजा लिया।
डीएम जेपी सिंह सोमवार को अचानक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रनियां पहुंच गए। मौके पर डॉ. शिवानी यादव अनुपस्थित मिली। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विशाल यादव ने सीएल पर होने की जानकारी दी। वहीं डॉ. महेंद्र नाथ विश्वकर्मा, डॉ. संदीप सिंह यादव रजिस्टर में हस्ताक्षर कर आवास पर आराम फरमाने चले गए। डीएम ने जानकारी मांगी तो दोनों डॉक्टर तत्काल मौके पर पहुंच गए।
इस पर डीएम ने जमकर फटकार लगाई और ड्यूटी पर मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। इसके बाद वैक्सीनेशन का जायजा लिया। यहां पर 18 साल से ज्यादा वाले 65 युवाओं का टीकाकरण हो चुका था, जबकि 45 साल से अधिक उम्र के महज चार लोगों को वैक्सीनेशन लगाने की जानकारी मिली। डीएम ने लक्ष्य के सापेक्ष टीकाकरण कराने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार डेरापुर एसडीएम ऋषिकांत राजवंशी ने झींझक ब्लॉक के मंगलपुर टीकाकरण केंद्र का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने निगरानी समिति के सदस्यों को गांव के लोगों को टीकाकरण कराने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। इस दौरान एएनएम रुबी, लेखपाल सुनील चौधरी आदि रहे।