कानपुर के कल्याणपुर में अराजकतत्वों ने सोमवार देर रात गैर राज्य की गाड़ियों का शीशा तोड़ फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामले में पुलिस ने पीड़ित ठेकेदार समेत दो लोगों की तहरीर पर जांच शुरू की है। हितकारी नगर, काकादेव निवासी राम कुमार कश्यप सरकारी ठेकेदार हैं।
जो दो-तीन महीने पहले ही गुजरात से कानपुर आए थे। जिनका घाटमपुर में नये वैली प्रोजेक्ट में ठेका है। राम कुमार ने बताया कि वह अपनी कार घर के बाहर फुटपाथ पर खड़ी करते हैं। इसके चार अन्य कारें भी खड़ी होती हैं। सोमवार देर रात स्कूटी सवार अराजकतत्वों ने उनकी कार से शीशे तोड़ डाले।
इसके बाद उनके कार की फोटो और वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वहीं अराजकतत्वों ने विकास नगर निवासी राजेश कुमार पांडेय की घर के बाहर खड़ी हरियाणा नंबर कार को निशाना बनाते हुए शीशे तोड़ डाले।
इसके बाद उसकी फोटो खिंचकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। दोनों ही घटनाओं की तस्वीर घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। थाना प्रभारी अजय सेठ ने बताया कि दोनों ही मामलों में पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।