यूपी के चित्रकूट जिले में दोस्त की बरात में जा रहे बाइक सवार सामने से आ रही पिकअप से टकरा गए। जिससे सगे दो भाइयों की मौत हो गई, जबकि साला घायल हो गया। एक बाइक पर सवार तीनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। घायल युवक ने बताया कि पिकअप की एक हेडलाइट बंद थी जिससे दुर्घटना हुई।
सदर कोतवाली क्षेत्र के लोढ़वारा निवासी राकेश यादव (35) व कमलेश यादव (20) पुत्रगण देवनाथ व इनका रिश्ते में साला राजकरन पुत्र रामसहाय निवासी लोढ़वारा मंगलवार की देर रात बाइक से गांव के रामरहीश के पुत्र दिलीप की बरात में शामिल होने पिलखिनी गांव जा रहे थे। पहाड़ी थाना क्षेत्र के नहरा मोड़ के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से राकेश व कमलेश की मौके पर मौत हो गई। जबकि राजकरन गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया है। घायल को गंभीर हालत में प्रयागराज रेफर किया है। घटना से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा है। राकेश दूध बेचने का काम करता था। कमलेश पुणे में मजदूरी करता था। दो दिन पहले ही इसी शादी में जाने के लिए वह आया था। तीसरे घायल राजकरन के भतीजे की शादी थी। मृतक राकेश की पत्नी रानी, मां तुलसा व दो पुत्र एक पुत्री का रो रोकर बुरा हाल है। जबकि कमलेश की अगले साल शादी होनी थी।