फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur: बीच सड़क से उठाया, फिर कचहरी ले जाकर स्टांप पर कराए जबरन साइन; सफाईकर्मी के अपहरण में दो भाई अरेस्ट

Thu, 16 Jul 2026 01:49 PM IST
प्रसून शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला,कानपुर

सार

Kanpur News: नगर निगम के संविदा सफाई कर्मचारी के अपहरण और मारपीट के मामले में रावतपुर पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पीड़ित से जबरन हस्ताक्षर कराया गया स्टांप पेपर भी बरामद किया गया है।
विज्ञापन
सांकेतिक  - फोटो : सांकेतिक
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

एक लाख रुपये के लेनदेन के विवाद में दो सगे भाइयों ने नगर निगम के एक संविदा सफाई कर्मचारी का फिल्मी अंदाज में अपहरण कर लिया। आरोपी कर्मचारी को जबरन बाइक पर बैठाकर ले गए, उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर कचहरी ले जाकर सादे कागजों व स्टांप पेपर पर जबरन दस्तखत करा लिए। पीड़ित की शिकायत पर मुस्तैद हुई पुलिस ने बुधवार सुबह दोनों सगे भाइयों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। उनके पास से जबरन दस्तखत कराया गया स्टांप पेपर भी बरामद हो गया है।

विज्ञापन
Trending Videos

बेकनगंज से मसवानपुर तक पीछा, फिर बीच सड़क से उठाया

जानकारी के मुताबिक, बर्रा क्षेत्र के झंडा चौराहा निवासी राकेश (50) नगर निगम में संविदा पर सफाई कर्मचारी हैं और वर्तमान में उनकी तैनाती मसवानपुर क्षेत्र में है। पुलिस तफ्तीश में सामने आया कि कोयलानगर निवासी दो सगे भाई विशाल राठी और उसका बड़ा भाई अर्जुन उर्फ सूरज राठी मंगलवार को राकेश से अपने एक लाख रुपये वसूलने के लिए निकले थे।

आरोपी सबसे पहले राकेश की तलाश में उसके पुराने घर बेकनगंज पहुंचे। वहां न मिलने पर दोनों बर्रा स्थित उसके वर्तमान आवास पर धमक गए। जब वहां भी राकेश नहीं मिला, तो दोनों भाई खोजते हुए सीधे मसवानपुर कार्यस्थल पर पहुंच गए। आरोप है कि दोनों भाइयों ने बीच सड़क पर राकेश को घेरा और गाली-गलौज करते हुए जबरन अपनी बाइक पर बैठाकर उसका अपहरण कर लिया।

कचहरी में कराया जबरन हस्ताक्षर

अपहरण करने के बाद दोनों भाई राकेश को सबसे पहले कोयलानगर स्थित अपने घर ले गए। वहां उन्होंने कमरे में बंद कर राकेश को बेरहमी से लात-घूंसों से पीटा। इतने से भी जब मन नहीं भरा, तो दोनों भाई पीड़ित को डरा-धमकाकर सीधे कचहरी ले गए।

कचहरी में आरोपियों ने पहले से तैयार करा रखे सादे कागजों और स्टांप पेपर पर कानूनी शिकंजे से बचने और रकम वसूली के लिए राकेश से जबरन हस्ताक्षर करा लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने राकेश को बेकनगंज में उसके पुराने मकान के बाहर धमकी देते हुए छोड़ दिया कि अगर पुलिस को बताया तो अंजाम भुगतना होगा। पीड़ित ने घर पहुंचकर आपबीती अपनी पत्नी को बताई, जिसके बाद परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।

दबोचे गए भाई, भेजे जा रहे जेल

पीड़ित परिवार तुरंत थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। रावतपुर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत अपहरण, जबरन वसूली, मारपीट और साजिश रचने सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।

विज्ञापन

पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए मामा तालाब के पास से दोनों आरोपी भाइयों विशाल राठी और सूरज राठी को दबोच लिया। तलाशी में उनके पास से पीड़ित से जबरन साइन कराया गया स्टांप पेपर भी मिल गया है। रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में एक लाख रुपये के लेनदेन का विवाद सामने आया है। दोनों आरोपियों को कोर्ट के आदेश पर जेल भेजा जा रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें