कानपुर देहात। भोगनीपुर थाना क्षेत्र के चौरा के पास ट्रक चालक की गला रेतकर हत्या कर दी थी। उसका शव ट्रक के केबिन में पड़ा मिला था। मामले में पुलिस ने ट्रक खरीद में चालक के सहयोगी सहित दो को गिरफ्तार कर 24 घंटे के अंदर घटना का खुलासा किया है। पूछताछ में हत्यारोपियों ने साढ़े छह लाख रुपये देने से बचने के लिए वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है।
भोगनीपुर थानाध्यक्ष सतीश सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को पुलिस टीम ने ककूतर डेरा करियापुर स्थित खंडहर में छापा मारा। टीम ने मौके से जालौन जनपद के कदौरा थाना क्षेत्र के फरहसखाना कदौरा निवासी विशाल कुमार तिवारी व उसके भाई विशेष कुमार उर्फ बड़े महाराज को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन दोनों ने गांव के खालिद हुसैन के साथ ट्रक साझेदारी में खरीदा था। इसमें खालिद हुसैन ने अपने से साढ़े छह लाख रुपये अधिक जमा किए थे। वह विशाल से बार-बार रुपये मांग रहा था। इसी दौरान गाड़ी पर नया कंडक्टर आया था जो कदौरा का रहने वाला था। कंडक्टर एवं खालिद हुसैन के बीच भोगनीपुर में विवाद हुआ है। इसकी जानकारी पर वह अपने साथी साका उर्फ राका के साथ बाइक से बृहस्पतिवार को चौरा आए। यहां खालिद हुसैन, विशेष व कंडक्टर पहले से मौजूद थे।
खालिद को रुपये न देने पड़ें इसके लिए शाम करीब पांच बजे विशेष व साका ने खालिद हुसैन को पकड़ लिया और विशाल ने सब्जी काटने वाले चाकू से गर्दन पर वार कर हत्या कर दी और मौके से भाग निकले। सीओ भोगनीपुर राजीव सिरोही ने बताया कि रुपयों के लेनदेन को लेकर ट्रक चालक की हत्या उसके ही साझेदार ने अपने भाई व दोस्त के साथ मिलकर की थी। गिरफ्तार आरोपियों को बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहीं फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया गया है।
..............
अधिक रक्तस्राव से गई थी खालिद हुसैन की जान
चौरा के पास ट्रक के केबिन में मिले खालिद हुसैन के शव का बृहस्पतिवार दोपहर को अकबरपुर में पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अधिक रक्तस्राव से मौत होना पाया गया। उसके गले में धारदार हथियार का निशान भी मिला। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को कदौरा ले गए। वहीं बेटे औसाफ ने विशाल, उसके भाई विशेष सहित तीन लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई।