पतंग ने सोमवार शाम को ढाई लाख घरों की बत्ती उड़ा दी। करीब एक घंटे बाद बिजली की आपूर्ति शुरू हो सकी। इसके अलावा फाल्ट से भी कई इलाकों की बिजली गुल रही। रविवार को भी पतंगबाजी के कारण खास बाजार और छप्पर सब स्टेशन की बिजली शाम 5:45 से 6:15 बजे तक बंद रही थी।
लोग पतंग के पास मंझे से आगे पतला तार बांध लेते हैं। इससे पेंच लड़ाने में पतंग आसानी से कटती नहीं है। पतंग में बंधा यह तार जब तारों से रगड़ता है तो लाइन ट्रिप हो जाती है। सोमवार को भी इसी के चलते फाल्ट हुआ। इससे दालमंडी, घंटाघर, झाड़ी बाबा और शनिदेव सब स्टेशन बंद हो गए।
इस कारण इन चारों सब स्टेशनों से जुड़े करीब ढाई लाख घरों की आपूर्ति शाम 6:25 से 7:15 बजे तक प्रभावित रही। नौबस्ता के केशवपुरम फीडर लाइन में खराबी के कारण केशव नगर और साकेत नगर की बिजली शाम 6:25 से 7:05 बजे तक बंद रही।
विद्युत कालोनी के इनकमर स्विच में खराबी के कारण चरण सिंह कालोनी और बर्रा छह की बिजली शाम 5:15 से 7:45 बजे तक बंद रही। स्विच यार्ड में काम होने के कारण आरपीएच फर्स्ट और सेकेंड फीडर सुबह 11 से शाम चार बजे तक बंद रहे।
इस कारण ईदगाह कालोनी, खलासी लाइन, आर्य नगर, बेनाझाबर, ग्वालटोली, एक्सेल हॉस्पिटल, मेस्टन रोड, एफएम कॉलोनी, डीआईडी बंगला, टेफ्को, विक्टोरिया मिल, सूटरगंज, मकबरा, चुन्नीगंज, मैकराबर्टगंज, कर्नलगंज फायर स्टेशन की बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।