यूपी के उन्नाव जिले में हाईवे पर चेकिंग के दौरान पकड़े गए सुपाड़ी लदे एक ट्रक को चार कारों में सवार 12 लोगों ने असलहे के बल पर कानपुर की जीएसटी टीम से छुड़ा लिया। पुलिस ने दूसरे ट्रक को कब्जे में लेने के साथ ही हमलावरों में शामिल दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। सचल दल प्रभारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जीएसटी कानपुर का दस सदस्यीय सचल दल असिस्टेंट कमिश्नर सुनील कुमार चौधरी के नेतृत्व में शुक्रवार शाम को लखनऊ-कानपुर हाईवे पर शेरअली खेड़ा गांव के सामने वाहनों की चेकिंग कर रहा था। तभी कानपुर से लखनऊ जा रहे दो ट्रकों को रोका तो चालकों ने ट्रक भगाने का प्रयास किया। सचल दल ने पीछा कर दोनों ट्रकों को कुछ ही दूरी पर रोक लिया।
चालकों से ई-वे बिल मांगा तो वे ट्रक छोड़कर भाग निकले। टीम प्रभारी ऑनलाइन पोर्टल पर ट्रक नंबर के आधार पर जांच कर रहे थे, तभी कानपुर की ओर से चार कारों में सवार 12 लोग पहुंचे। सभी के हाथों में असलहे थे। उन्होंने टीम पर हमले का प्रयास किया तो टीम को पीछे हटना पड़ा। टीम प्रभारी ने उन्नाव सदर कोतवाली को सूचना दी। इसी दौरान एक युवक एक ट्रक लेकर भाग निकला।