ट्यूशन टीचर की पिटाई से घायल छात्र
- फोटो : अमर उजाला
यूपी में कानपुर महानगर के ग्वालटोली क्षेत्र में कविता याद न करने पर ट्यूशन टीचर ने दो मासूम भाईयों को बेरहमी से पीटा। पुलिस ने टीचर के खिलाफ बाल न्याय अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
ब्रह्म मंदिर निवासी मजदूर महेश गुप्ता के बेटे नमन गुप्ता (8) व अहम गुप्ता (6) चर्च रोड स्थित विजय कॉन्वेंट स्कूल में चौथी व दूसरी के छात्र हैं। महेश कालोनी में दोनों मिथिलेश गुप्ता के पास ट्यूशन पढ़ते हैं। बुधवार शाम करीब 5 बजे भी दोनों भाई ट्यूशन पढ़ने गए थे।
कविता याद न होने पर मिथिलेश ने दोनों को डंडे से पीट दिया। उनके शरीर जगह-जगह से काले पड़ गए और चेहरा सूज गया। शाम 7 बजे दोनों मासूम रोते-रोते घर पहुंचे। मां नेहा को आपबीती सुनाई। इसके बाद नेहा ने टीचर से विरोध जताया।
गुरुवार को उन्होंने आरोपी टीचर के खिलाफ तहरीर दी। थाना प्रभारी का कहना था कि टीचर बच्चों के इलाज का खर्चा उठाने को तैयार था। इसलिए बच्चों के अभिभावक शिकायत करने में हिचकिचा रहे थे। बच्चों को उर्सला में भर्ती कराया गया है।