आटा बस स्टैंड के पास सड़क पार कर रहे एक साइकिल सवार मजदूर को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक युवक को करीब 10 मीटर तक घसीटते हुए ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। हादसे के बाद भाग रहे ट्रक को स्थानीय ग्रामीणों ने अदम्य साहस दिखाते हुए बाइकों से पीछा कर चालक और हेल्पर समेत दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
आज ही दिल्ली से आया था घर, शाम को काल बनकर आया ट्रक
जानकारी के मुताबिक, आटा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आटा गांव का रहने वाला विपिन कुमार (30) पुत्र विनोद दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था। वह शुक्रवार को ही दिल्ली से कमाकर अपने गांव आटा लौटा था, जिससे परिवार के लोग बेहद खुश थे।
ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ा ट्रक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक ने टक्कर मारने के बाद भी ब्रेक नहीं लगाया। ट्रक विपिन और उसकी साइकिल को करीब 10 मीटर तक हाईवे पर घसीटता चला गया। इस खौफनाक मंजर को देखकर हाईवे पर मौजूद लोगों की रूह कांप गई। गंभीर चोटें आने और अत्यधिक खून बह जाने के कारण विपिन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दो मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया, हाईवे पर लगा जाम
हादसे की खबर मिलते ही बस स्टैंड क्षेत्र में भारी अफरा-तफरी मच गई और मृतक के परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। विपिन अपने पिता विनोद का सबसे बड़ा बेटा था और वही दिल्ली में मजदूरी करके पूरे परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके पीछे पत्नी संजना और दो छोटी-छोटी बेटियां हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।