इटावा जिले के भरथना क्षेत्र में सोशल साइट पर वायरल हो रही आपत्तिजनक फोटो और मैसेज से परेशान किशोरी ने मंगलवार की रात घर में फंदा लगाकर जान दे दी। बुधवार सुबह परिजनों को जानकारी हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और आरोपी की पहचान करने में जुट गई है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी 17 वर्षीय किशोरी का शव बुधवार की सुबह करीब पांच बजे घर के बरामदे में फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। किशोरी के भाई ने बताया कि कुछ दिनों से अज्ञात व्यक्ति बहन की फोटो से छेड़छाड़ कर उसे सोशल साइट पर वायरल कर रहा था। इससे बहन परेशान थी।
इसी के कारण उसने जान दे दी। एसएसआई जय सिंह, एसआई राजेश कुमार ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रभारी थानाध्यक्ष जय सिंह ने बताया कि अभी परिजनों की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। मामले की छानबीन की जा रही है। सबसे पहले किशोरी को परेशान करने वाले की पहचान की जा रही है। उसकी शिनाख्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।