रसूलाबाद। दलिकपुर महाराजपुर गांव में एक विवाहिता ने सोमवार सुबह घर के आंगन में पड़े लोहे के जाल से फांसी लगाकर जान दे दी। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। जांच करने पहुंची पुलिस को जेठ ने बताया कि महिला अपनी बेटी के मानसिक परेशान होने की वजह से तनाव में रहती थी।
रसूलाबाद के दलिकपुर महाराजपुर निवासी दीपक दुबे ने पुलिस को बताया उसका भाई विकास कुमार दिल्ली में रहकर नौकरी करता है। उसका विवाह नौ साल पहले पहाड़पुर की शशि प्रभा से हुआ था। उससे बेटा प्रखर (8) व बेटी गौरी (5) है। बेटी की मानसिक बीमारी को लेकर बहू तनाव में रहती थी। सोमवार को तड़के शशिप्रभा (34) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
सुबह मां का शव फंदे पर लटकता देख बेटा प्रखर चिल्लाया तो परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंचे। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मामले की जानकारी जेठ दीपक दुबे ने पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)