कानपुर। उप्र क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से यूपी अंडर-15 बालिका क्रिकेट टीम के चयन के लिए दो दिवसीय ट्रायल मुकाबले शनिवार को कमला क्लब मैदान पर शुरू हुए। पहले दिन प्रदेशभर से पहुंचीं 90 खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी, विकेटकीपिंग और क्षेत्ररक्षण में दमदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा।
कानपुर, लखनऊ, सहारनपुर, मेरठ, गाजियाबाद, वाराणसी, आगरा और प्रयागराज समेत विभिन्न जिलों की खिलाड़ियों को चार टीमों में बांटकर 30-30 ओवर के मुकाबले कराए जा रहे हैं। महिला चयन समिति की प्रमुख प्रियंका शैली के साथ सीमा सिन्हा, कश्मीरा, श्वेता और क्षमता श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का बारीकी से आकलन किया।
पहले दिन कानपुर की अनुश्री कश्यप, भव्या अवस्थी, दिव्या, दिशा सिंह, काव्या बंदोह, माही, मनी पाल, नंदिका यादव, परी यादव, वंशिका यादव और आराध्या सिंह ने प्रभावी खेल दिखाकर अपनी दावेदारी मजबूत की। गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ से बल्लेबाजों को चुनौती दी, जबकि बल्लेबाजों ने आकर्षक शॉट लगाकर प्रतिभा का प्रदर्शन किया।