कानपुर। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने शहर से जुड़े पांचों राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार रात 12 बजे के बाद से टोलटैक्स बढ़ा दिया है। दिल्ली, लखनऊ, प्रयागराज, इटावा, सागर जाने के लिए लोगों को जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी। कार, जीप, वैन, हल्के व्यावसायिक वाहनों के टोलटैक्स पांच से 10 रुपये बढ़ाया गया है, जबकि बसों, ट्रकों, डंपरों सहित अन्य व्यावसायिक वाहनों में उनके एक्सल के हिसाब से टैक्स में बढ़ोत्तरी की गई है। एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अमन रोहिल्ला ने बताया कि बढ़ी दरें रात 12 बजे के बाद से लागू हो गई हैं।
कानपुर-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग के बाराजोड़, सागर राजमार्ग के अलियापुर, लखनऊ राजमार्ग के नवाबगंज, प्रयागराज राजमार्ग के कटोघन आदि में एक अप्रैल से लागू होने वाले बढ़े टोलटैक्स की दरें चार दिन पहले जारी कर दी गई थीं। जीटी रोड से बिल्हौर, कन्नौज, अलीगढ़ होते हुए दिल्ली जाने वाले राजमार्ग (एनएच 34) के शिवराजपुर के नेवादा टोल प्लाजा पर कर की दरें बाद में जारी हुईं। इस टोलप्लाजा पर इस साल दो बार टैक्स बढ़ोत्तरी हुई है। इस टोल में कार, वैन, जीप से एकल यात्रा करने पर पांच रुपये व 24 घंटे में वापसी पर 10 रुपये की बढ़ोत्तरी की गई है। अब एकल यात्रा पर 140 रुपये जबकि निर्धारित समय पर वापसी पर 210 रुपये देने पड़ेंगे। टोल प्लाजा के जीएम गीतम सिंह और मैनेजर सौरभ परिहार ने बताया कि रात 12 बजे के बाद से ही नई दरों से टोलटैक्स वसूला शुरू कर दिया गया।
नेवादा टोल प्लाजा, शिवराजपुर में टोलटैक्स
वाहनों की श्रेणी एकल यात्रा शुल्क पहले/अब 24 घंटे में वापसी पर टैक्स पहले/अब
कार, जीप, वैन, हल्के मोटर वाहन 135/140 200/210
हल्कके वाणिज्यिक वाहन, मिनी बस 215/225 325/335
बस या ट्रक (दो एक्सल) 455/470 680/705
तीन एक्सल के वाणिज्यिक वाहन 495/515 745/770
चार से छह एक्सल वाले वाहन 715/740 1,070/1,110
सात या ज्यादा एक्सल वाले वाहन 865/900 1,300/1,350