फतेहपुर जिले के बिंदकी में रोड किनारे ट्रांसपोर्ट के बाहर सो रहे पल्लेदार की रविवार रात किसी ठोस वस्तु से हमला कर हत्या कर दी गई। उसके सिर पर गहरी चोट के निशान मिले। चेहरे पर भी खरोंच लगी है। फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल पर खून के फैले नमूने लिए और फिंगर प्रिंट के भी साक्ष्यों को जुटाया।
पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। दो संदिग्धों को उठाकर मामले की जांच शुरू की है। तलाशी में मोबाइल और जेब से रुपये भी नहीं मिले हैं। पुलिस मोबाइल की छानबीन में जुटी है। इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के ठठराही मोहल्ला निवासी शिवलाल कोरी का बेटा मंझिल कोरी (35) ललौली रोड कैलाश शिव मंदिर के पास मिल एरिया स्थित शारदा ट्रांसपोर्ट में करीब दस साल से पल्लेदारी करता था। ट्रांसपोर्ट अरविंद कुमार की बिल्डिंग है।
मंझिल पूरे दिन काम करता था और रात को खाने-पीने के बाद ट्रांसपोर्ट के बाहर पड़े तखत में ही सो जाता था। उसे लोगों ने रविवार रात करीब 11 बजे तखत पर सोते देखा था। नगर पालिका कर्मचारी सुबह साफ-सफाई को पहुंचे।