कानपुर। बिधनू के टेढ़ापुरवा कठुई गांव में रविवार तड़के चोरों ने गांव के बाहर डबल पोल पर रखा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर चोरी कर लिया। वारदात के बाद पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दक्षिणांचल विद्युत उपकेंद्र बिधनू के बेहटा ग्रामीण फीडर से जुड़े इस ट्रांसफार्मर के जरिये गांव में बिजली आपूर्ति की जाती थी। रविवार तड़के चोरों ने सुनसान का फायदा उठाकर ट्रांसफार्मर खोल ले गए। बिजली गुल होने से पेयजल आपूर्ति, घरेलू कार्य प्रभावित हो गए। भीषण गर्मी में बिजली न होने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं। अवर अभियंता करन सिंह ने बताया कि घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है और थाने में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। नया ट्रांसफार्मर लगवाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, बिधनू थाना प्रभारी तेजबहादुर सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्जकर चोरों की तलाश की जा रही है।