छिबरामऊ। ग्राम कसावा में बाबा हरिपुरी इंटर कॉलेज से चौकी मार्ग पर लगा ट्रांसफाॅर्मर चार दिनों से फुंका पड़ा है। इससे 40 घरों की बत्ती गुल है। भीषण उमस और गर्मी के बीच बिजली न होने से पेयजल संकट गहरा गया है। वहीं, छात्रों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। विभागीय अनदेखी से आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार को खराब ट्रांसफार्मर के पास एकत्र होकर प्रदर्शन किया।
गांव के आशीष दुबे आदि ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफाॅर्मर जलने की सूचना तत्काल विद्युत निगम को दी गई थी। चार दिन बीतने के बावजूद जिम्मेदार लापरवाह हैं। बार-बार गुहार लगाने पर भी नया ट्रांसफाॅर्मर नहीं लगाया गया। ग्रामीणों ने दो टूक चेतावनी दी कि यदि जल्द आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो वे मामले को लेकर उच्चाधिकारियों के चौखट पर दस्तक देंगे और आंदोलन करेंगे। बिजली निगम के उपखंड अधिकारी संजय यादव ने बताया कि जेई विकास गौतम को नया ट्रांसफाॅर्मर लगवाने के निर्देश दिए गए हैं।