कानपुर। महाकुंभ का आखिरी अमृत स्नान माघ पूर्णिमा पर 12 फरवरी को होगा। इसके लिए प्रयागराज जाने को कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी है। रेलवे प्रबंधन 10 फरवरी की रात से हर आधे घंटे में प्रयागराज के लिए ट्रेन उपलब्ध होने का दावा किया है। स्नान से एक दिन पहले से एक दिन बाद तक प्रयागराज व कानपुर के बीच 330 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी।
डिप्टी सीटीएम आशुतोष कुमार सिंह ने बताया 12 फरवरी को मौनी अमावस्या के स्नान जैसी भीड़ उमड़ने का अनुमान है। विभिन्न स्पेशल ट्रेनों की घोषणा पहले ही की जा चुकी है। कई ट्रेनों को विस्तार दिया गया है तो कुछ बदले स्टेशन से चलेंगी। बताया कि 10 फरवरी की रात से सेंट्रल और गोविंदपुरी स्टेशनों से औसतन हर आधे घंटे के अंदर ट्रेन रवाना की जाएगी। प्रयागराज से वापसी करने के लिए भी ट्रेनें उपलब्ध रहेंगी।
रात में सफर करना पसंद कर रहे यात्री
स्टेशन अधीक्षक अवधेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि अब प्रयागराज जाने वालों की तुलना में वापसी करने वाले लोग ज्यादा हैं। इस आवाजाही के कारण भीड़ रहती है। श्रद्धालु रात में सफर करना पसंद कर रहे हैं, इसलिए रात में ही चार-पांच मेला स्पेशल ट्रेनें चलानी पड़ रही हैं। प्लेटफार्मों पर भीड़ होने के कारण सुरक्षाकर्मी भी मुस्तैद रहे।
सुरक्षाकर्मी करते रहे अलर्ट
गुरुवार रात भी स्टेशन पर भीड़ रही। स्पेशल ट्रेनों से श्रद्धालुओं को महाकुंभ भेजने के साथ वापसी करने वालों को विभिन्न रूटों पर मेमू से भेजा गया। शुक्रवार को प्लेटफार्म दो से लेकर पांच तक भीड़ ज्यादा रही। सुरक्षाकर्मी एनाउंस कर श्रद्धालुओं को अलर्ट करते रहे।