ट्रैक की मरम्मत करते रेलवे कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर में मुरे कंपनी पुल के पास लखनऊ से कानपुर आने वाली डाउन लाइन के दो स्लीपर (रेल पटरी के नीचे लगाया जाने वाला बेस) बारिश की वजह से धंस गए। समय रहते इसे देख लिया गया। ट्रेन आने के पहले ही सिग्नल देकर रूट बंद कर दिया गया।
इससे लखनऊ-कानपुर रेलमार्ग सुबह 11:15 बजे से 11:45 बजे तक बंद रहा। इस दौरान दोनों स्लीपरों को बदल दिया गया। सुबह बारिश की वजह से मुरे कंपनी पुल के पास डाउन ट्रैक पर लगे लकड़ी के स्लीपर धंस गए। इसकी सूचना पर ट्रेन को रोक दिया गया।
मरम्मत कर यहां पर सीमेंटेड स्लीपर डाला गया। लखनऊ से कानपुर आने वाली मेमू को रोक दिया गया। इसके पीछे शुक्लागंज और उन्नाव में भी कई ट्रेनें फंसी रहीं। अप लाइन प्रभावित नहीं हुई।
जिस समय दिल्ली से लखनऊ जाने वाली स्वर्ण शताब्दी जा रही थी, ठीक उसी समय रेलवे डाउन लाइन पर ब्लॉक लेकर काम हो रहा था। गनीमत थी कि समय रहते इसे देख लिया गया वरना कोई भी हादसा हो सकता था।