इटावा। इटावा जंक्शन पर सावन के पहले सोमवार पर श्रद्धालुओं में उत्साह दिखाई दिया। रविवार शाम से लेकर देर रात तक प्रयागराज व बनारस जाने वाली कई ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ दिखाई दी। हर कोई संगम में नहाने व काशी विश्वनाथ में जल चढ़ाने के लिए यात्रा करता नजर आ रहा था।
सबसे अधिक भीड़ पूर्वा एक्सप्रेस, संगम एक्सप्रेस, वंदे भारत एकसप्रेस, नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस, महानंदा एक्सप्रेस, बांद्रा टर्मिनस गाजीपुर सिटी एक्सप्रेस, दून एक्सप्रेस, कोटा-पटना एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस में रही। श्रद्धालुओं को ट्रेन में चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की का सामना करना पड़ा। वहीं, कुछ यात्रियों ने सोमवार सुबह प्रयागराज व बनारस पहुंचने के लिए विभिन्न ट्रेनों में अपना आरक्षण करवा रखा था। प्लेटफार्म पर बैठकर ट्रेनों का इंतजार करते भी यात्री नजर आए।