दिल्ली-हावड़ा रेलवे अप ट्रैक पर सोमवार को इटावा सरायभूपत के पास नहर पुल और रेलवे क्रॉसिंग के बीच ट्रैक फ्रैक्चर होने से बड़ा हादसा टल गया। रेलवे लाइन में करीब पांच से छह इंच तक का फ्रैक्चर होने से रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। अप लाइन से गुजरने वाली महत्वपूर्ण यात्री गाड़ियों को जहां का तहां रोक दिया गया। करीब दो घंटे तक ट्रेनों का संचालन बाधित रहा। रेलवे की तकनीकी टीम ने फ्रैक्चर को सही किया। इसके बाद कॉसन देकर एक एक करके एक्सप्रेस गाड़ियों को निकाला गया।
सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे रेलवे के दो कर्मियों ने अप लाइन पर सराय भूपत रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर नहर पुल और रेलवे फाटक के बीच ट्रैक के ऊपर का हिस्सा जिसे रेलवे की भाषा में हेड कहा जाता है करीब पांच से छह इंच चटका देखा। इसकी सूचना सराय भूपत स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर ने अप लाइन पर आ रही डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस को 7:37 बजे सराय भूपत स्टेशन पर रोक दिया। उधर, ट्रैक के बाधित होने पर शताब्दी एक्सप्रेस को इटावा में तथा संपर्क क्रांति तथा हमसफर जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों को भरथना में रोकना पड़ गया। हालांकि सुबह करीब छह बजे बोर नाम की मालगाड़ी इस ट्रैक से पास हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पीडब्लूआई बीके शाहु, टीएएस डीएस मीना, आरपीएफ के एएसआई डीपी सिंह, एसएसपीवे संतोष कुमार मौके पर पहुंचे और ट्रैक को दुरुस्त कराने के कार्य में लगे रहे। करीब नौ बजे से ट्रैक से ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया गया। इस दौरान करीब दो घंटा तक अप ट्रैक बाधित रहा।
घंटे भर पहले गुजरी थी मालगाड़ी
सराय भूपत रेलवे स्टेशन के पास नहर पुल और फाटक तथा पोल नंबर 1165/ 13-15 के बीच अप लाइन पर रेलवे पटरी का हेड जो करीब छह इंच टूटा था, उसकोे देखने पर रेलवे कीमैन चिन्टू कुमार और चौकीदार रमेश ने 7:08 बजे सूचना सराय भूपत रेलवे स्टेशन मास्टर मो. अहवाल को दी। जिस समय ट्रैक टूटने की जानकारी मिली उससे पहले करीब छह बजे एक बोर मालगाड़ी इसी अप ट्रैक से पास हुई थी। यानी मालगाड़ी टूटे हेड से गुजरी। गनीमत रही कि कोई यात्री ट्रेन नहीं थी।
कॉसन लगाकर पास की गई एक्सप्रेस
सराय भूपत रेलवे स्टेशन पर 12313 डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस को सुबह 7:37 बजे से 8:40 बजे तक करीब एक घंटा से अधिक समय तक रोकना पड़ा। राजधानी को कॉसन लगाकर 20 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से पास किया गया। दूसरी ओर दिल्ली की ओर जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस को इटावा स्टेशन पर 7:48 बजे से 9:02 बजे तक रोकना पड़ा।
भरथना में रुकी रहीं संपर्क क्रांति व हमसफर एक्सप्रेस
भरथना रेलवे स्टेशन संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को 8:10 बजे से 8:50 बजे तक और हमसफर एक्सप्रेस को 7:57 बजे से 8:03 बजे तक रोकने के बाद आगे के लिए रवाना किया गया।
तीन भागों में बंटी होती है रेल पटरी
रेलवे पटरी तीन भागों में बंटी होती है, इसमें सबसे ऊपरी हिस्सा जिस पर ट्रेनों के पहिया दौड़ते हैं उसे हेड कहते हैं। बीच का हिस्सा जिसे वेब कहते हैं और सबसे नीचे के हिस्से को प्लेन कहते हैं।