फूल देकर यातायात नियमों का पाठ पढ़ाते समाजसेवी।
- फोटो : AKBARPUR
राजपुर (कानपुर देहात)। कस्बे के आरएस विद्या धाम स्कूल में सड़क सुरक्षा अभियान के तहत जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। लोगों से यातायात नियमों के पालन करने की अपील की गई। युवाओं ने सड़क पर बिना हेलमेट निकलने वाले वाहन सवारों को गुलाब का फूल देकर यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया गया। बाद में उन्हें मुफ्त हेलमेट देकर नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।
राजपुर कस्बे के बैना गांव निवासी युवा समाजसेवी ताशू ठाकुर और रामबली सिंह बाबा ने आरएस विद्या धाम स्कूल में सड़क सुरक्षा के तहत गोष्ठी का आयोजन किया। लोगों को सुरक्षित यात्रा के लिए सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गई। खादी ग्राम उद्योग बोर्ड के प्रांतीय सदस्य बंशलाल कटियार व प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष दिनेश चंद्र मिश्र ने युवाओं को जागरूक करते हुए कहा कि जीवन सुरक्षा के लिए हेलमेट का प्रयोग बेहद जरूरी है। इंस्पेक्टर रामप्रकाश ने कहा कि सड़क पर होनी वाली दुर्घटनाओं में 80 प्रतिशत मौतें सिर में गंभीर चोट लगने से होती हैं। बाइक चलाते समय हेलमेट लगाना जरूरी है। वहीं, युवाओं ने भाल पुलिया के पास मुगल रोड से बिना हेलमेट गुजर रहे लोगों को रोक लिया। बाइक चालकों को गुलाब का फूल देकर नियमों की जानकारी दी। इसके बाद उन्हें निशुल्क हेलमेट दिए। इस मौके पर ओमकार बुंदेला, क्रांतिवीर सिंह, मुलायम सिंह, प्रशांत मिश्रा मौजूद रहे।