पानी दुकानों में घुसने से कारोबार प्रभावित
व्यापार मंडल के अध्यक्ष कमल उत्तम और वरिष्ठ महामंत्री राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में व्यापारियों ने कहा कि कानपुर दक्षिण के प्रमुख बाजारों में शामिल 40 दुकान चौराहा पर नाला लंबे समय से परेशानी का कारण बना हुआ है। नाला क्षतिग्रस्त होने और पानी की निकासी नहीं होने के कारण बारिश के दौरान गंदा पानी दुकानों में भर जाता है।
व्यापारियों का कहना है कि जलभराव के कारण आम लोगों और दुकानदारों को आवागमन में भी दिक्कत होती है। खुले और धंसे नाले के कारण दोपहिया और चार पहिया वाहनों के उसमें फंसने की आशंका बनी रहती है। व्यापारियों ने इसे हादसे और जान-माल के नुकसान का खतरा बताते हुए तत्काल समाधान की मांग की।
तत्काल नाला बनवाने की मांग
प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने जल संस्थान और जल निगम से नाले का निर्माण कराकर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो बाजार में कारोबार और आम लोगों की परेशानी और बढ़ेगी। प्रदर्शन में वरिष्ठ व्यापारी नेता एवं पूर्व पार्षद हरिशंकर गुप्ता, युवा महामंत्री मनीष गर्ग समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।