रूरा। तिंगाई-रूरा के बीच एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर बाइक सवार दंपती को टक्कर मार कर सड़क किनारे खंदी में पलट गया। हादसे में घायल दंपती व ट्रैक्टर चालक को पुलिस ने जिला अस्पताल भेजा। जहां पर इलाज के दौरान ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मैनपुरी जिले के शारदा आश्रम पॉवर हाउस रोड निवासी सोनू सिंह (26) पुत्र राजकुमार सिंह ट्रैक्टर चालक था। वह कुछ दिन से रोशनमऊ में क्षेत्र में एक निजी कंपनी के तहत काम कर रहा था। मंगलवार को दोपहर वह व उसका साथी आनंद अलग- अलग ट्रैक्टर लेकर रूरा आ रहे थे। सोनू का ट्रैक्टर आगे चल रहा था। तिंगाई और रूरा के पास पुलिया पर पहुंचने पर सोनू का ट्रैक्टर बेकाबू हो गया। उसने आगे चल रहे बाइक सवार को टक्कर मार दी। अन्य लोगों को बचाने में वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 10 फिट गहरे खड्ड में जा गिरा। हादसे में बाइक सवार रनियां क्षेत्र के पचगांव निवासी राहुल उसकी पत्नी शालिनी भी घायल हो गए। जबकि बीच में बैठी बेटी कशिश बाल- बाल बच गई। हादसा होने के बाद कुछ देर के लिए जाम लग गया। कई वाहन जाम में फंस गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजने के साथ ही जाम खुलवाया। पुलिस ने दंपती को एक ऑटो से इलाज के लिए पहले अस्पताल भेजा। इसके बाद खंदी में पड़े चालक को मशक्कत कर बाहर निकाल कर जिला अस्पताल भेजा। यहां पर डॉक्टर ने सोनू को मृत घोषित कर दिया। सोनू के साथ पीछे चल रहे दूसरे ट्रैक्टर के चालक आनंद ने बताया कि वह दोनों एक ठेकेदार के साथ रोशनमऊ में काम करने के लिए आए थे। उसने बताया कि सोनू के दो बच्चे युग व अंश है। देर शाम अस्पताल पहुंची पत्नी पूनम व अन्य परिजन पहुंचे । थानाध्यक्ष अजय पाठक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एंबुलेंस के आने में देरी, ऑटो से घायलों को भेजा
रूरा। पुलिस घायल को अस्पताल भेजने को आकस्मिक वाहन 108 पर काल करती रही। कई बार फोन करने व एंबुलेंस के आने में देरी होने पर पुलिस ने घायलों को ऑटो से जिला अस्पताल भेजा। थाने के एसआई राजकुमार ने बताया कि दुर्घटना के बाद गंभीर रूप से घायल सोनू को अस्पताल भेजा जाना था। इसके लिए 108 डायल कर एंबुलेंस बुलाई गई थी, लेकिन दूसरी फोन रिसीव करने के बाद भी वाहन नहीं आया तो घायल को ऑटो से भेजा गया।