रसूलाबाद। थाना क्षेत्र के बिसधन रोड पर रेउरी गांव के सामने शुक्रवार तड़के तेज रफ्तार भारी वाहन ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा। हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक कन्नौज के मानीमऊ से लौट रहा था।
रसूलाबाद थाना क्षेत्र के नौहा नौगांव निवासी किसान राम भजन (45) पुत्र सूबेदार अपना ट्रैक्टर चलाकर परिवार का भरण पोषण करते थे। गुरुवार की शाम को वह गांव के एक किसान का पुआल लेकर मानीमऊ कन्नौज गया था। शुक्रवार तड़के वह खाली ट्रैक्टर लेकर घर लौट रहा था। जैसे ही बिसधन मार्ग पर रिवरी काली मठिया के पास पहुंचा। तभी किसी तेज रफ्तार भारी वाहन ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर लगने से रामभजन ने संतुलन खो दिया और ट्रैक्टर की क्रंक टूटने से वह सड़क किनारे गड्ढे में चला गया। हादसे में रामभजन गंभीर रूप से घायल हो गया। तड़के खेतों को निकले किसानों ने हादसा देखा तो पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस घायल चालक को लेकर अस्पताल आई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। रामभजन की मौत की जानकारी पर भाई रामप्रकाश, रामबहादुर व अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने बताया कि रामभजन के तीन बेटे पुष्पेंद्र, रौनक व आदित्य हैं। उसकी पत्नी की कुछ दिनों पहले मौत हो चुकी है। पिता ही बच्चों की देखभाल करता था। परिवार के लोग मासूम के सिर पिता का छाया छिनने पर बिलखते रहे। प्रभारी निरीक्षक जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर आगे कार्रवाई की जाएगी।