झींझक (कानपुर देहात)। दिल्ली हावड़ा रूट के झींझक रेलवे क्रासिंग के पास अप लाइन की चटकी पटरी से हमसफर एक्सप्रेस निकल गई। पेट्रोलिंग कर रहे की मैन ने पटरी चटकी देख स्टेशन मास्टर को जानकारी दी। इसके बाद स्टाफ ने चटकी पटरी की फिस प्लेट और क्लैंप से कसकर ठीक किया। इसके बाद धीमी गति से अप लाइन पर ट्रेनों का संचालन शुरू हो सका।
शुक्रवार को झींझक रेलवे फाटक के पास अप लाइन की पटरी ज्वाइंट से चटक गई। सुबह 7:12 बजे चटकी पटरी से ही हमसफर एक्सप्रेस गुजर गई। ट्रेन गुजरने के बाद पेट्रोलिंग कर रहे की मैन श्रीकिशन की नजर पटरी पर पड़ी। उन्होंने 7:24 बजे स्टेशन मास्टर आशुतोष को सूचना दी। पीडब्ल्यूआई ने स्टाफ ने चटकी पटरी को 8:02 बजे ठीक किया। इसके बाद अप की ट्रेनों का धीमी गति से संचालन शुरू कराया गया। इस बीच रांची-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस को 8:02 से 8:04 बजे तक रोका गया। हल्दिया एक्सप्रेस, दूरंतो एक्सप्रेस, कानपुर टूंडला मेमो को धीमी गति से गुजारा गया।
पीडब्लूआई सियाराम बिंद ने बताया कि गर्म और ठंडे के कारण पटरी का ज्वाइंट खुल गया था। ब्लॉक मिलने के बाद पटरी बदलने का काम किया जाएगा। स्टेशन मास्टर आशुतोष कुमार ने बताया कि अप लाइन पर पटरी चटकने के कारण यातायात बाधित रहा।