कानपुर देहात। रसूलाबाद के परसौरा में भगवान परशुराम की जन्मस्थली को विकसित करने की तैयारी है। सुधार कार्य पर 73.98 लाख रुपये खर्च होंगे। ठेकेदार चयन के बाद मई में काम शुरू होने की उम्मीद है।
अक्षय तृतीया को भगवान परशुराम की जयंती मनाई जाती है। अब जन्मस्थली में पर्यटन विकास की पहल हो रही है। यहां सुधार कार्य कराए जाने से पर्यटकों को सहूलियत होगी। परसौरा का नाम भगवान परशुराम के नाम पर ही पड़ा है। वहीं पास में उनके पिता जमदग्नि ऋषि के नाम से जमथरखेड़ा है। वहां बने मंदिर में भगवान परशुराम व उनके पिता की भी मूर्ति लगी है। यह हिंदू आस्था का केंद्र है। परसौरा में विकास के लिए यहां पर्यटकों को सहूलियत देने की व्यवस्था की जानी है।
इसके तहत बैठने के लिए आठ माइल्ड स्टील (एमएस) बेंच, प्रकाश व्यवस्था के लिए तीस वाट की आठ सोलर लाइटें, कूड़ा एकत्र करने के लिए छह कूड़ेदान, परिसर में जल निकासी के लिए नाली निर्माण, मैदान का समतलीकरण और लॉन में मैक्सिकन ग्रास फर्न लगाई जाएगी। इसके साथ पेयजल व वायरिंग आदि दुरुस्त की जानी है। पर्यटन विभाग के अभियंता लज्जाराम ने बताया कि ठेकेदार चयन की प्रक्रिया इसी माह पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद मई में काम शुरू होने की उम्मीद है।