भाजपा के ‘मिशन 2017’ का आगाज शनिवार को कानपुर से होगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शनिवार को शहर आ रहे हैं। वह यूपी के आठ क्षेत्रों और इसके अंतर्गत आने वाली 90 जिला इकाइयों के ‘महासंपर्क अभियान’ की समीक्षा करेंगे। साथ ही डोर टू डोर संपर्क बढ़ाने की रणनीति बनाएंगे। इसमें कानपुर और बुंदेलखंड क्षेत्र के 98 पदाधिकारी हिस्सा लेंगे।
कुल मिलाकर ‘महासंपर्क अभियान’ की समीक्षा के बहाने भाजपा ने सपा के मजबूत किले में सेंधमारी की रणनीति बनाई है। दरअसल, विधानसभा चुनाव के लिहाज से इन क्षेत्रों में भाजपा का जनाधार बहुत मजबूत नहीं है, इसलिए समीक्षा के बहाने राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह यह संदेश देना चाहते हैं कि भाजपा इस बार सपा का गढ़ माने जाने वाले इटावा, औरैया, कन्नौज, मैनपुरी, फर्रुखाबाद सहित तमाम जिलों की विधानसभा सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी।
यही संदेश पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाएगा और वह यूपी फतह की तैयारी में जुट जाएंगे। भाजपाइयों का मानना है कि मिशन-2014 (लोकसभा चुनाव) में नरेंद्र मोदी ने कानपुर में रैली करके ही शुरूआत की थी इसी तरह अब शाह कानपुर में रैली करके 2017 विधानसभा चुनाव के अभियान का श्रीगणेश करेंगे। इसी परिप्रेक्ष्य में ‘मिशन 2017’ का सफल रोडमैप कानपुर में ही तैयार किया जा रहा है।
महासंपर्क अभियान की समीक्षा बैठक शनिवार को कोकाकोला चौराहा स्थित होटल कान्हा गैलेक्सी हाल में होगा। दोपहर 12 बजे समीक्षा कार्यक्रम का उद्घाटन होगा, फिर तीन चरणों में बैठक की जाएगी।