इंतजार की घड़ियां खत्म हुईं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार (21 जून) सुबह शहर में जगह-जगह योग शिविर लगेंगेे। शहर में करीब 523 स्थानों पर बड़े कार्यक्रम होंगे। इस मौके पर लोगों ने अपने-अपने तरीके से मदद करने की भी तैयारी कर ली है।
कोई योग के टिप्स देने के साथ ही नि:शुल्क इलाज करेगा तो कोई योग से संबंधित किताबों का वितरण करेगा। कोई टाइम मैनेजमेंट के टिप्स देगा तो कोई गिरते स्वास्थ्य पर परिचर्चा करेगा। शनिवार को जहां कई संस्थाओं ने योग स्थल पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया, वहीं शहरियों ने भी खास तैयारी की। किसी ने अकेले तो किसी ने फैमिली के साथ जाकर योग करने का प्रोग्राम बनाया। सरकारी, गैर सरकारी संस्थाएं और स्कूल-कॉलेजों में मीटिंग करके योग दिवस को सफल बनाने की रणनीति बनाई गई।
बर्रा के जरौली स्थित सरदार पटेल इंटर कॉलेज में शनिवार सुबह योग प्रशिक्षण शिविर में छात्रों और शिक्षकों ने मोदी का मुखौटा पहन योग किया। स्कूल प्रबंधक अरुण पटेल ने बताया प्रधानमंत्री की पहल को देखते हुए उन्होंने शिविर आयोजित किया।
योग दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को कई जगह भाजपाइयों ने योगाभ्यास किया। योग के जरिए भाजपा जहां विश्व कीर्तिमान बनाना चाहती है, वहीं लोगों को पार्टी से जोड़ने की कवायद भी की जाएगी। योग शिविर में आयुष मंत्रालय की तरफ से बांटी गईं ‘सामान्य योग अभ्यासक्रम (प्रोटोकाल)’ की बुकलेट में प्रधानमंत्री के संदेश के साथ योगासन की जानकारी दी गई है।