यूपी के कानपुर शहर में रमजान-उल-मुबारक का चांद बुधवार को देखने के लिए शहरकाजियों की रूयत-ए-हिलाल कमेटी (चांद कमेटी) ने शहरियों से अपील की है। बरेलवी विचारधारा के शहरकाजी मौलाना आलम रजा नूरी की सुन्नी मरकजी रूयते हिलाल कमेटी के महामंत्री हाफिज मोहम्मद सगीर आलम हबीबी ने बताया कि बुधवार को शाबान (शब-ए-बरात का महीना) के महीने की 29 तारीख है, लिहाजा चांद दिख गया तो बुधवार से ही तरावीह शुरू हो जाएगी और गुरुवार 17 मई से पहला रोजा होगा।
अगर चांद बुधवार को नहीं दिखा तो गुरुवार से तरावीह की विशेष नमाज होगी और शुक्रवार को पहला रोजा रखा जाएगा। वहीं देवबंदी विचारधारा के शहरकाजी मुफ्ती मंजूर अहमद मजाहिरी की मरकजी रूयते हिलाल कमेटी की तरफ से कार्यवाहक शहरकाजी मौलाना मतीनुल हक ओसामा और नायब शहरकाजी हाफिज मामूर अहमद ने भी बुधवार को रमजान का चांद देखने की अपील की है।