जसवंत नगर। गुरुवार शाम आई आंधी व बारिश से कस्बे के मोहल्ला तकिया होमगंज में कच्चे मकानों और झोपड़ियों को नुकसान हुआ। जहां एक घर की दीवार धराशायी हो गई तो अन्य घरों की टिनें उड़ गईं।
गुरुवार शाम लगभग चार बजे अचानक तेज हवा के झोंके के साथ हुई बारिश से हिंदू विद्यालय के सामने मोहल्ला तकिया होमगंज में नसरुद्दीन, कबीर, कदीर और मुस्तकीम के आशियाने उजड़ गए। तेज हवा से उनके घरों की टिन की छतें उड़कर दूर जा गिरीं, जिससे घरों की दीवारों में दरारें आ गईं।
घरों के अंदर रखा गृहस्थी का सामान, अनाज, कपड़े और खाने-पीने का सामान भी भीगकर खराब हो गया। पीड़ित परिवारों के सामने अब भोजन, आश्रय और सुरक्षा की मुसीबत खड़ी हो गई है। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से राहत और मुआवजे की मांग की है। इस आपदा में पीड़ित चारों परिवारों काे दो लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है।