- एसडीएम ने सदर क्षेत्र में निरीक्षण करके नौ संचालकों को नोटिस जारी करके बंद कराया
- शहर क्षेत्र में पुस्ताकलय, कोचिंग सेंटर बिना पंजीकरण और एनओसी के चलते मिले
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। दिल्ली के एक कोचिंग सेंटर के भूतल (बेसमेंट) में बारिश का पानी भरने से तीन छात्रों की मौत की घटना को लेकर जिला प्रशासन भी सतर्क हो गया है। सोमवार को एसडीएम सदर ने शहर में ऐसे कोचिंग सेंटरों और पुस्तकालयों का निरीक्षण किया।
इस दौरान भवनों के भूतल में संचालित नौ कोचिंग सेंटरों ओर पुस्तकालयों को नोटिस जारी करके तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया। सभी संचालकों के पास पंजीकरण और अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं मिला है।
हादसे को लेकर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। डीएम अवनीश राय के आदेश पर सोमवार को एसडीएम सदर विक्रम राघव ने कोचिंग सेंटरों और पुस्तकालयों में चेकिंग अभियान चलाया। भरथना चौराहे, विजय नगर चौराहे में नौ कोचिंग सेंटर और पुस्तकालय बेसमेंट में चलते हुए मिले।
इस दौरान कोई भी संचालक शिक्षा विभाग में पंजीकरण और कोई भी अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं दिखा सका। इस पर एसडीएम ने नाराजगी जाहिर करते हुए सभी को नोटिस जारी करके उन्हें बंद कराया।
संचालकों को निर्देश दिए कि सभी मानक पूरे करने के बाद ही भूतल (बेसमेंट) में कोई कोचिंग या पुस्तकालय का संचालन करें। एसडीएम ने बताया कि यह अभियान लगातार चलाया जाता रहेगा। किसी भी हाल में बिना मानकों के बेसमेंट में पुस्तकालय या कोचिंग सेंटरों का संचालन नहीं होने दिया जाएगा।