फर्रुखाबाद जिले में अमृतपुर के कटरी क्षेत्र में पिछले 20 दिन से बाघ घूम रहा है। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। शाम ढलते ही ग्रामीण घरों में दुबक जाते हैं। नाइट विजन कैमरे में बाघ की तीसरी तस्वीर रविवार को कैद हो चुकी है लेकिन वन विभाग के कर्मचारी तमाम कवायद के बाद भी उसे पकड़ नहीं सके हैं।
तहसील क्षेत्र की कटरी में बाघ आतंक मचाए है। पालतू जानवर व नीलगायों को शिकार बना चुका है। ग्रामीण जब अपने खेत में खड़ी फसलें देखने जाते हैं तो वहां बाघ के पंजों के निशान देखकर भयभीत हो जाते हैं। इससे अब टोली बनाकर जा रहे हैं। वहीं शाम होते ही घरों में पहुंच जाते हैं।
दूसरी ओर वन विभाग के कर्मचारी ड्रोन कैमरे के बाद अब नाइट विजन कैमरों से निगरानी कर रहे हैं। रविवार को तीसरे दिन भी बाघ की तस्वीर कैद हुई। फुटेज के अनुसार बाघ की लोकेशन गांव उदयपुर कंचनपुर के पास मिली। रात में उदयपुर जाने वाले मार्ग से एक व्यक्ति पैदल निकलता दिखाई दे रहा है।
कुछ देर बाद ही बाघ भी उसी मार्ग से गुजरता दिखाई दिया। शनिवार को पहुंची वाइल्ड लाइफ ट्रस्ट आफ इंडिया की टीम व रैपिड रिस्पांस यूनिट (दुधवा टाइगर रिजर्व) ने भी रविवार को बाघ की निगरानी का काम शुरू कर दिया है।