भतीजी के जन्मदिन के कार्यक्रम में फोटोग्राफर को लेकर घर आ रहे तीन बाइक सवारों की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। मरने वालों में दो युवक मौसेरे भाई थे, जबकि तीसरा फोटोग्राफर था। इससे घर में चल रही जन्मदिन की खुशियां मातम में बदल गईं। बताया जा रहा है कि तीनों बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। घटना यूपी के जालौन जिले की है।
कस्बे के महेशपुरा रोड स्थित मोहल्ला गिरवर नगर निवासी पवन बरार (19) पुत्र परशुराम के बड़े भाई जितेंद्र की पांच वर्षीय बेटी रिमझिम का शनिवार को जन्मदिन था। घर में खुशियों का माहौल था, जन्मदिन के अवसर पर फोटोग्राफी कराने के लिए पवन अपने मौसेरे भाई संजय उर्फ अखिलेश (25) पुत्र मन्नूलाल निवासी अंबेडकर कॉलोनी कोंच के साथ बाइक से फोटोग्राफर को लेने के लिए घर से निकला था।