झींझक। एक बीमा कंपनी अभिकर्ता के बंद घर से 27 मई की रात हुई चोरी का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने इलाके के नासरसेड़ा अंडरपास के पास से तीन चोरों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी के जेवर व कुछ नकदी बरामद किए हैं।
मंगलपुर थानाध्यक्ष दिलीप बिंद ने बताया कि मंगलवार की सुबह मुखबिर की सूचना पर टीम ने घेराबंदी कर नासरसेड़ा अंडरपास के पास से ओम नगर झींझक निवासी अभिषेक दुबे, रेल बाजार भोला नगर निवासी विकास यादव व एक बाल अपचारी को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि 27 मई की रात रेलवे मालगोदाम के किनारे से अभिषेक ने लोहे का सब्बल उठाया। इसके बाद रवि गुप्ता के मुख्य गेट से अंदर कूद गए। चैनल व कमरों में पड़ा ताला सब्बल से तोड़कर जेवर व नकदी चोरी किए थे।
चोरी किए जेवर कानपुर के एक सराफा को बेचकर मिले रुपयों से कानपुर के मॉल से कपड़े, जूते व मोबाइल खरीदे और होटल बाजी में खर्च किए। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी के 24100 रुपये नकदी, जेवर व घटना में प्रयुक्त सब्बल बरामद किया। पकड़े गए विकास पर मंगलपुर थाना में मारपीट, जुआ के तीन मामलें व अभिषेक पर एक मामला दर्ज है। थानाध्यक्ष दिलीप बिंद ने बताया पकड़े गए आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
बता दें कि 27 मई को झींझक के विकास नगर निवासी रवि गुप्ता परिवार समेत चित्रकूट दर्शन करने गए थे। अगले दिन घर लौटने पर कमरों का ताला टूटा मिलने के साथ ही ढाई लाख नकदी व जेवर गायब थे। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश कर रही थी।