यूपी के कानपुर देहात में बिल्हौर कोतवाली क्षेत्र के अकबरपुर सेंग गंगा तट पर स्नान के लिए गईं क्षेत्र के राजेपुर गांव की तीन किशोरियां गहरे पानी में नहाने के दौरान डूबने लगीं। चीखपुकार सुनकर आसपास के लोगों ने एक किशोरी को तो बाहर निकाल लिया, लेकिन दो किशोरियां गहरे पानी में डूब गईं। क्षेत्रीय गोताखोरों ने नदी में छलांग भी लगाई लेकिन उन्हें कोई सफलता हाथ नहीं लग सकी। इसी दौरान सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी अपने प्रशिक्षित गोताखोर नदी में उतारे, पर देरशाम तक डूबी दोनों किशोरियों का कोई पता नहीं लग सका। दुर्घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अकबरपुर सेंग ग्राम प्रधान शशी राजपूत ने बताया सोमवार सुबह से ही बड़ी संख्या में गंगा स्नान के लिए लोग तट पर पहुंचना शुरू हो गए। सुबह करीब आठ बजे क्षेत्र के राजेपुर गांव निवासी तीन सहेलियां संगीता (16) पुत्री बराती लाल, संध्या (15) पुत्री उमेश सिंह, मुस्कान (14) पुत्री रमेश एक-दूसरे का हाथ पकड़कर गंगा नदी में स्नान के लिए उतरीं। गंगा तट पर नमामि गंगे योजना के तहत पक्के घाट का निर्माण किया गया जा रहा है इसलिए निर्माणाधीन घाट के समीप ही तीनों एक-दूसरे के साथ स्नान करने लगी।