यूपी के चित्रकूट जिले में घर के बाहर मिट्टी की दीवार के सहारे बैठकर शनिवार की देर शाम बिस्कुट खाना तीन बहनों की मौत का सबब बन गया। दीवार गिरने से तीनों बहनें बिस्कुट खाते-खाते मलबे में दब गईं और जब तक ग्रामीणों ने मलबे से तीनों को बाहर निकाला, उनकी मौत हो चुकी थी।
तीन बच्चियों की मौत से पूरे गांव में मातम छा गया। मरने वाली बहनों में सबसे बड़ी कक्षा दो और दूसरी कक्षा एक में गांव के स्कूल में पढ़ती थी, जबकि तीसरी स्कूल नहीं जाती थी। सूचना पर मऊ एसडीएम राजबहादुर समेत पुलिस और राजस्वकर्मी गांव पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।
रैपुरा थाना क्षेत्र के कपूरी गांव निवासी पेशे से मजदूर अशोक कुमार वर्मा की बेटी रीतू (12), शिव देवी (9) और पूजा (5) शाम पांच बजे एक दुकान से नमकीन और बिस्कुट खरीद कर लाईं और घर की दीवार के सहारे बैठकर खाने लगीं।